कलेक्टर ने जिले के नागरिकों को आज़ादी के पर्व की बधाई एवं शुभकामनाएँ दी
शहडोल 14 अगस्त 2023- कलेक्टर श्रीमती वंदना वैद्य ने 15 अगस्त स्वतंत्रता दिवस पर जिले के सभी नागरिकों को बधाई एवं शुभकामनाएँ दी हैं। कलेक्टर ने आजादी के लिए अपने प्राणों का उत्सर्ग करने वाले क्रांतिकारियों, देशभक्तों और वीर शहीदों को नमन किया है।
कलेक्टर ने कहा कि राष्ट्र की स्वतंत्रता के 76 वर्ष पूर्ण होने की मंगलमय बेला में सबका रोम-रोम उत्साहित है। हम ऊर्जा और उल्लास से भरे हुए हैं। आजादी के लिए न जाने कितने भारतवासियों ने जीवन का बलिदान किया। आज हम उन सभी ज्ञात-अज्ञात सेनानियों का स्मरण करते हुए नमन करते हैं।
कलेक्टर ने अपने सन्देश में कहा है कि- "सम्पूर्ण विश्व प्रत्येक क्षेत्र में भारत को आशा एवं संभावनाओं की नजर से देख रहा है। "वसुधैव-कुटुम्बकम् " का उद्घोष सारी दुनिया में हो रहा है। स्वतंत्रता का दिन शहीदों के बलिदान से प्रेरणा लेने और नए क्षितिज की ओर बढ़ने को प्रेरित करता है।"